मथुरा के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में देवोत्थान एकादशी के दिन शनिवार को दर्शनार्थियों की भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था रही और दो जगहों पर श्रद्धालु आपस में भिड़ गए। मंदिर के पट खुलने से पहले ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था और मंदिर के आसपास करीब 500 मीटर के दायरे में भीड़ का दबाव बना हुआ था। पुलिस बैरियर पर लोगों को इंतजार करना पड़ रहा था, जबकि संकरी गलियों और रेलिंग के बीच आगे बढ़ने की कोशिश में धक्का-मुक्की और आपाधापी का माहौल बना रहा।
सुबह करीब 11 बजे गली नंबर दो में गिरिराजजी मंदिर के समीप बैरियर पर भीड़ रुकी हुई थी। इसी दौरान दो श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। भीड़ के बीच लात-घूंसे चलने से आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया और महिला श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। अन्य लोगों ने किसी तरह दोनों को अलग कराया।
कुछ देर बाद गेट संख्या दो से पहले चबूतरे के पास रेलिंग के बीच एक महिला श्रद्धालु और एक पुरुष के बीच विवाद हो गया। मंदिर में पहले प्रवेश करने की आपाधापी के बीच महिला ने पुरुष के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके कपड़े तक खींच दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत कराया।
दोनों घटनाओं के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और अपने गंतव्य को रवाना हो गए। लगातार बढ़ती भीड़ के बीच ऐसी घटनाओं से मंदिर की दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
