खड्डा के सीमावर्ती गांवों के लिए अच्छी खबर है। विधायक विवेकानंद पांडेय की पहल पर शासन ने पांच परियोजनाओं को स्वीकृति दी है, जिनमें चार सड़कों और खड्डा कस्बे में एक गेस्ट हाउस का निर्माण शामिल है। इन पर कुल 11.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रथम किश्त के रूप में 9.28 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।
शासन के संयुक्त सचिव राजेश प्रताप सिंह की ओर से लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष को भेजे गए पत्र के अनुसार तिनपरसा संपर्क मार्ग 2.10 किमी के निर्माण के लिए 2.10 करोड़, पकड़ियार-मंझरिया मार्ग एक किमी के लिए एक करोड़, बंधुछपरा-एकडंगी बनवारी टोला मार्ग दो किमी के लिए दो करोड़ और बलुवही-बारी टोला संपर्क मार्ग 3.65 किमी के लिए 3.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। संयुक्त सचिव सुबास राम ने पत्र के माध्यम से खड्डा कस्बे में दो सूट के गेस्ट हाउस निर्माण के लिए 255.96 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की जानकारी दी है।
संपर्क सड़कों का निर्माण पूरा होने पर कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में गांवों में भी नगरीय क्षेत्रों की तरह बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और संपर्क सड़कों के निर्माण से गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जा रहा है।
