बिहार ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में दिल्ली को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हरा दिया। वैभव सूर्यवंशी की गैरमौजूदगी में सुरज कश्यप की कप्तानी में बिहार ने यह जीत हासिल की। यह तीन मैचों में बिहार की दूसरी जीत है। पहले मैच में वैभव ने कप्तानी की थी, जिसमें टीम को हार मिली थी।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिहार को प्रशांत सिंह ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या का विकेट देकर अच्छी शुरुआत दिलाई। दिल्ली की ओर से यश ढुल ने 59 गेंदों में 16 चौके और सात छक्कों की मदद से 125 रन बनाए। उन्होंने तेजस्वी दहिया के साथ चौथे विकेट के लिए 47 गेंदों में 126 रन जोड़े। दहिया ने 25 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 224 रन बनाए। बिहार की ओर से रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार को तीसरे ओवर में आशीष कुमार के रूप में पहला झटका लगा, जो 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आयुष लोहारूका और बिपिन सौरभ ने दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 103 रन जोड़े। आयुष ने 22 गेंदों में 50 और सौरभ ने 19 गेंदों में 49 रन बनाए। आठवें ओवर में दोनों के आउट होने तक बिहार का स्कोर 120 के करीब पहुंच गया था।
इसके बाद बिहार ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए, लेकिन छोटी-छोटी पारियों ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया। तरुण कुमार ने 15 और रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने 25 रन का योगदान दिया। अंत में प्रशांत सिंह ने 8 गेंदों में नाबाद 13 और मयंक कुमार ने 13 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से नाबाद 24 रन बनाए। आखिरी ओवर में बिहार को पांच रन की जरूरत थी, और प्रशांत ने पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर टीम को एक गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
