मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में विकास और प्रशासनिक सुधार से जुड़े 14 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इनमें बक्सर-भागलपुर छह लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और आईआईटी पटना में रिसर्च पार्क के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख हैं।
पंचायती राज विभाग की मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के तहत ग्राम पंचायतों के वार्डों में संचालित नल-जल योजनाओं के जलापूर्ति केंद्रों और जलमीनारों पर पांच किलोवाट के ऑनग्रिड सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे नल-जल योजना के संचालन में बिजली पर होने वाला खर्च कम होगा और सौर ऊर्जा से उत्पादित अतिरिक्त बिजली से ग्राम पंचायतें अपना राजस्व स्रोत भी विकसित कर सकेंगी। इसी तरह विभाग की ओर से निर्मित और निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों पर 10 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे इन भवनों के बिजली बिल में कमी आएगी और पंचायतों को अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा।
बक्सर-भागलपुर छह लेन पूर्णतः नियंत्रित पहुंच वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए डीपीआर तैयार करने और ट्रांजेक्शन एडवाइजर की परामर्श सेवाएं लेने के लिए 66.5819 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। प्रस्तावित एक्सप्रेसवे बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, लखीसराय, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर सहित 13 जिलों से होकर गुजरेगा। पश्चिम में यह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और पूर्व में रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे से संपर्क स्थापित करेगा। परियोजना का क्रियान्वयन बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड करेगा।
कैबिनेट ने आईआईटी पटना में 305 करोड़ रुपये की लागत वाले रिसर्च पार्क के निर्माण के लिए आईआईटी मद्रास के सेंटर फॉर अर्बनाइजेशन, बिल्डिंग एंड एनवायरमेंट (क्यूब) को मुख्य परामर्शी और परियोजना प्रबंधन सलाहकार के रूप में नामांकन के आधार पर चयनित करने की स्वीकृति दी है। परियोजना लागत का पांच प्रतिशत यानी 15.25 करोड़ रुपये परामर्श शुल्क निर्धारित किया गया है और संस्था के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) करने की भी मंजूरी दी गई है। साथ ही बिहार कोषागार संहिता-2011 के नियम 271 और 272 में संशोधन को भी मंजूरी दी गई, जिसके तहत वेतन-पेंशन और अपार आईडी सत्यापित खातों में अंतरित छात्रवृत्ति की राशि के लिए अलग से उपयोगिता प्रमाणपत्र देने की आवश्यकता नहीं होगी।
