पटना: नए परिसीमन को लेकर तैयारी पूरी है। लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। इसका असर देश के साथ-साथ बिहार की राजनीति पर भी पड़ेगा। फिलहाल बिहार में लोकसभा की 40 और विधानसभा की 243 सीटें हैं। नया परिसीमन लागू होने पर लोकसभा की 60 और विधानसभा की 365 सीटें हो सकती हैं। परिसीमन की प्रक्रिया में जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन और सीटों की संख्या में संभावित वृद्धि संसदीय और राज्यस्तरीय राजनीति की दिशा बदल सकती है। इससे मतदाता-प्रतिनिधि अनुपात बदलेगा, उम्मीदवारों के चयन, आरक्षित सीटों की स्थिति और दलों के प्रभाव क्षेत्रों पर भी असर पड़ सकता है।

लोकसभा सीटें बढ़ने से राष्ट्रीय राजनीति में बिहार का प्रतिनिधित्व और प्रभाव बढ़ सकता है। अधिक संसदीय क्षेत्र बनने से नई चुनावी रणनीतियां तैयार होंगी और दलों को नए इलाकों में संगठन मजबूत करना होगा। विधानसभा सीटों में बढ़ोतरी से नए निर्वाचन क्षेत्र बन सकते हैं, टिकट दावेदारों की संख्या और क्षेत्रीय नेतृत्व के उभार के अवसर बढ़ेंगे। कई मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं और मतदाता समीकरण बदल सकते हैं।

परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू होने से बिहार की चुनावी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सकती है। आरक्षित सीटों का स्वरूप बदलने से कई मौजूदा नेताओं को नई सीटों का रुख करना पड़ सकता है। सीटों की संख्या बढ़ने और सीमाओं के पुनर्गठन से भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस सहित अन्य दलों और गठबंधनों के सीट बंटवारे के पुराने समीकरण बदल सकते हैं। जिन क्षेत्रों में आबादी तेजी से बढ़ी है, वहां दलों का फोकस अधिक रहेगा।

बिहार के भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिल पास होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि महिला आरक्षण बिल में कोई रुकावट नहीं आएगी और इसे हर हाल में पास कराया जाएगा। परिसीमन बिल भी पेश किए जाने की संभावना है, जिसके लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आधी आबादी का सम्मान और उनका हक देना चाहती है, जबकि कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां इसमें बाधक बनी हैं। उन्हें भरोसा है कि विपक्षी पार्टियों के सांसद भी समर्थन में खड़े होंगे।

लोकसभा का विस्तार क्यों? राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आवंटन मोटे तौर पर 1971 की जनगणना पर आधारित है, जब भारत की आबादी लगभग 55 करोड़ थी। तब से देश की जनसंख्या लगभग तीन गुनी हो चुकी है, लेकिन लोकसभा की सदस्य संख्या में इसके अनुरूप वृद्धि नहीं हुई है। मई 2026 में 'कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस' द्वारा प्रकाशित एक शोधपत्र के अनुसार, लोकसभा के सांसद दुनिया के किसी भी अन्य देश की विधायिका के निचले सदन के अपने समकक्षों की तुलना में औसतन कहीं अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। एक औसत लोकसभा क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 27 लाख है। लोकसभा के आकार में लगभग 50 प्रतिशत के विस्तार से यह आंकड़ा घटकर लगभग 18 लाख रह जाएगा। शोधपत्र में कहा गया है कि इस तरह के विस्तार के बाद भी भारत में एक औसत संसदीय क्षेत्र की जनसंख्या अमेरिका के एक कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट की आबादी से दोगुनी से भी अधिक होगी। विस्तार के समर्थकों का तर्क है कि छोटे निर्वाचन क्षेत्र होने से मतदाताओं के लिए सांसदों तक पहुंच आसान हो जाएगी और सांसद स्थानीय मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।