बिहार में शराबबंदी कानून को और सख्ती से लागू करने के लिए मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने एक नया क्यूआर कोड जारी किया है। उत्पाद इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार राम ने बताया कि इस क्यूआर कोड को स्मार्टफोन के कैमरे से स्कैन करने पर सीधे व्हाट्सएप चैट बॉक्स खुल जाएगा, जो 'एक्साइज हेल्प डेस्क' के नाम से संचालित होगा। इसके जरिए कोई भी नागरिक शराब की खरीद-बिक्री, भंडारण या सेवन से जुड़ी सूचना या शिकायत गोपनीय तरीके से साझा कर सकता है।

विभाग के अनुसार, इस पूरी संवाद प्रक्रिया का नियंत्रण सीधे मुख्यालय स्तर से किया जाएगा। क्यूआर कोड से मिली सूचना का मुख्यालय पर सत्यापन कर संबंधित जिले को मौके का ब्योरा भेजा जाएगा और तुरंत छापेमारी के निर्देश दिए जाएंगे। उत्पाद विभाग की विशेष टीम कम से कम समय में बताए गए स्थल पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई करेगी। छापेमारी दल को मौके पर की गई कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट वापस मुख्यालय भेजनी होगी।

फिलहाल इस क्यूआर कोड का इंटरनेट मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जल्द ही इसे राज्यभर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी चस्पा किया जाएगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पहले से टोल फ्री नंबर की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन नए क्यूआर कोड से सूचना देना और आसान हो गया है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, ताकि लोग बिना किसी डर के आगे आ सकें।