पटना। बिहार में चक्रवाती प्रभाव और पछुआ हवाओं की कमजोर रफ्तार के कारण ठंड की शुरुआत सुस्त पड़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने से तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही है और कड़ाके की ठंड भी देर से पहुंचने के आसार हैं। सुबह और रात में ठंड का असर बना हुआ है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के सभी हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सुबह और देर रात ठंड अधिक महसूस होगी, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा।

बीते 10 दिनों के तापमान पर नजर डालें तो पटना के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरा है। बुधवार को अरवल प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना सहित 12 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस और कैमूर का 32.3 डिग्री सेल्सियस सर्वाधिक रहा, जबकि अन्य जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम दृश्यता 800 मीटर गया और पूर्णिया में दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।