गाजियाबाद में एक महिला पर अपने पति और बेटे को करीब एक साल तक खाने में जहरीला पदार्थ लेड देने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्टर सुशील भटनागर की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में उनके शरीर में लेड की अधिक मात्रा पाई गई। दोबारा जांच में भी यही पुष्टि हुई। एसीपी (इंदिरापुरम) सूर्यबली मौर्य के मुताबिक पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। चिकित्सकों ने पीड़ित को जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की और पत्नी से अलग रहने लगे। करीब एक माह अलग रहने के बाद हुई जांच में खून में लेड की मात्रा कम पाई गई।

पीड़ित का आरोप है कि बच्चों ने बताया कि उनकी मां खाने में स्प्रे से कुछ डालती थी। इसके बाद पत्नी के मोबाइल की जांच में उनके एक युवक से संबंधों का पता चला। पीड़ित ने पत्नी रेनू भटनागर, सास लता सक्सेना, साले रवि सक्सेना, साढ़ू सुशील गिरधर और प्रेमी बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।