कानपुर में पिछले 30 साल से प्रस्तावित न्यू कानपुर सिटी योजना को दिसंबर माह तक लॉन्च करने की तैयारी चल रही है। योजना के तहत भूखंड बिक्री की दर 43 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है, हालांकि अंतिम मुहर अभी लगनी बाकी है। योजना को यूपी रेरा से स्वीकृति मिल चुकी है और विकास कार्य जारी हैं।

मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच 153.31 हेक्टेयर क्षेत्र में यह योजना विकसित की जा रही है। पहले चरण में 55.59 हेक्टेयर भूमि शामिल है, जिसमें 597 भूखंड विकसित किए जाएंगे। योजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय भी लिया गया है।

फिलहाल योजना क्षेत्र में करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज, पेयजल और ड्रेनेज व्यवस्था के साथ सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि योजना लाने की तैयारी चल रही है और इसे जल्द लॉन्च किया जाएगा।

योजना में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित भूखंड विकसित किए जाएंगे। इसमें कन्वेंशन सेंटर, नर्सिंग होम, होटल और ग्रुप हाउसिंग समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।