कटिहार जिले से गुजरने वाले स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स लगाए जाने की संभावना है। इस संबंध में राज्य मुख्यालय ने परिवहन विभाग से मंतव्य मांगा है। बताया जाता है कि यह भी पूछा गया है कि व्यवस्था लागू करने के लिए कटिहार में उपलब्ध जगहें हैं या नहीं। टोल वसूली की संभावनाओं को देखते हुए सड़क व पुल मार्गों को चिह्नित कर सूचित करने को कहा गया है। हालांकि, इस मामले में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, परिवहन विभाग टोल वसूली के लिए उपयुक्त स्थलों और सड़क मार्गों की पहचान में जुट गया है। जिले से चार स्टेट हाईवे गुजरते हैं। इनमें एसएच-98 कटिहार-बलरामपुर मार्ग की जिले में लंबाई करीब 63 किलोमीटर है। एसएच-77 कुरसेला-पोठिया-फारबिसगंज मार्ग करीब 105 किलोमीटर लंबा है, जो पूर्णिया और अररिया जिले से भी होकर गुजरता है। इसके अलावा एसएच-65 चांदपुर-पूर्णिया तथा एसएच-62 पूर्णिया-कटिहार मार्ग भी जिले के सड़क नेटवर्क का हिस्सा हैं। एसएच-62 की कटिहार जिले में लंबाई करीब 20 किलोमीटर बताई जाती है।
बंगाल और झारखंड की सीमा से सटे होने के कारण कटिहार से बड़ी संख्या में व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही होती है। खासकर बलरामपुर और प्राणपुर होकर बंगाल जाने वाले भारी वाहनों की संख्या काफी है। ऐसे में यदि स्टेट हाईवे पर टोल वसूली की व्यवस्था लागू होती है तो इसका असर मालवाहक वाहनों के परिचालन खर्च पर पड़ सकता है। इसका प्रभाव माल ढुलाई और स्थानीय बाजार पर भी देखने को मिल सकता है।
फिलहाल, लोगों की नजर इस बात पर है कि टोल वसूली के लिए किन सड़कों और पुलों का चयन किया जाता है तथा इसकी प्रक्रिया कब तक पूरी होती है।
