हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से करीब 50 कदम की दूरी पर हुई।
मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर वासी डिघल, विनित पुत्र जयबीर वासी डिघल, गन्जू वासी डिघल और हिमांशु पुत्र राजबीर वासी बेरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में सवार पांच हथियारबंद बदमाश मौके पर पहुंचे और खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज से ढाबे पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए टेबल-कुर्सियों के पीछे छिप गए।
तीन युवकों की मौत खाने की टेबल पर ही हो गई, जबकि भाग रहे चौथे युवक का बदमाशों ने पीछा करके गोलियों से भून डाला। वारदात के बाद बदमाश कुछ मिनट तक हथियार लहराते हुए मौके पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिला पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इस वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।
