अगहन शुक्ल पंचमी पर 14 दिसंबर, सोमवार को विवाह पंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी तिथि पर भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ था। इस दिन राम-जानकी की पूजा-अर्चना और दर्शन से सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मिलता है। पटना के राम दरबार मंदिरों और ठाकुरबाड़ियों में विशेष पूजा, भव्य शृंगार और आरती की तैयारी की जा रही है। महावीर मंदिर, गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी समेत अन्य मठ-मंदिरों में भी पूजा होगी।

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा के अनुसार इस दिन धनिष्ठा नक्षत्र और रवि योग पूरे दिन रहेंगे, जबकि जयद् योग दोपहर 3:20 बजे तक रहेगा। श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद भगवान श्रीराम और माता जानकी की विधि-विधान से पूजा करेंगे और पत्र-पुष्प, इत्र तथा धूप-दीप अर्पित कर सुख-समृद्धि और पारिवारिक मंगल की कामना करेंगे।

विवाह पंचमी पर पति-पत्नी का साथ में सीताराम की पूजा, आरती और रामचरितमानस का पाठ विशेष फलदायी माना गया है। राम रक्षास्त्रोत का पाठ और प्रभु की स्तुति से पारिवारिक कलह तथा आपसी मनमुटाव दूर होने की मान्यता है। तुलसी की माला से सीताराम नाम का जप भी शुभ माना गया है। अर्गला स्तोत्र और दुर्गा सहस्रनाम का पाठ करने की परंपरा भी है। इस दिन रामचरितमानस का नवाह्न पारायण भी किया जाता है। माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी के निकट नेपाल के जनकपुर स्थित धनुषाधाम में भव्य आयोजन और मेला लगता है।

यह दिन अविवाहित कन्याओं और दांपत्य जीवन में सुख-शांति की कामना करने वाले दंपतियों के लिए विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि राम-जानकी की आराधना से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और पति-पत्नी के बीच प्रेम व विश्वास मजबूत होता है। धार्मिक कथा के अनुसार भगवान श्रीराम के शिवधनुष तोड़ने के बाद राजा जनक ने अयोध्या में राजा दशरथ को विवाह का संदेश भेजा था। राजा दशरथ भरत, शत्रुघ्न और मंत्रियों के साथ जनकपुर पहुंचे और शुभ मुहूर्त में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ राम-सीता का विवाह संपन्न हुआ। मान्यता है कि ब्रह्माजी ने विवाह की लग्न पत्रिका तैयार कर नारदजी के माध्यम से राजा जनक तक पहुंचाई थी।