गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति, बेटे और भांजे को खाने में धीमा जहर दिया। पुलिस मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेजी गई आरोपी पत्नी से अब जेल में जाकर पूछताछ करेगी और उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को कुछ नहीं बताया था।

जांच में सामने आया है कि महिला ने पति के दो करोड़ रुपये के जीवन बीमा को हड़पने और अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए यह साजिश रची थी। पुलिस के सामने अभी कई सवाल अनसुलझे हैं, जिनमें पति को कौन सा जहरीला पदार्थ दिया जा रहा था, आरोपी को उसकी जानकारी किसने दी और वह पदार्थ उसे कैसे मिला, खाने में किस तरह मिलाया जा रहा था और इस साजिश में कौन-कौन शामिल है।

वसुंधरा 2सी निवासी सुशील कुमार भटनागर का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। करीब दो माह पूर्व उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। जांच में शरीर में जहरीले तत्व मिलने पर चिकित्सकों को शक हुआ और दोबारा जांच कराई गई, जिसमें फिर रिपोर्ट में जहरीला तत्व अधिक मात्रा में पाया गया। पता चला कि उनके खून में लेड की मात्रा अधिक है। चिकित्सकों ने पूछताछ की तो पता चला कि पति का पत्नी से विवाद चल रहा है और ससुराल पक्ष में ज्वैलरी का काम होता है। लेड ज्वैलरी में इस्तेमाल होता है, इस पर चिकित्सकों को शक हुआ और उन्होंने पीड़ित को बताया कि यह साफ तौर पर पुलिस केस है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल ने बताया कि पूछताछ के लिए पुलिस टीम को जेल भेजा जाएगा और आरोपित पत्नी के बयान दर्ज किए जाएंगे।