बिजनौर के विदुरकुटी गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। घाट पर महिलाओं के लिए चेजिंग रूम बनाए जा रहे हैं और इनके आसपास सादी वर्दी में महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी। जिला पंचायत प्रशासक साकेंद्र प्रताप के अनुसार मेले में महिलाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

मेला परिसर में महिलाओं के लिए सौ से अधिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। जिला पंचायत ने मेला क्षेत्र में महिलाओं के लिए 50 शौचालय बनवाए हैं, जबकि आसपास की निकाय चलित और अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था कर रही हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए मेला स्थल पर झूले लगाए जा रहे हैं और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम अंतिम चरण में है।

विदुरकुटी मंदिर से मेला स्थल तक अस्थाई और वीआईपी रोड तथा मेले में सेक्टर रोड बनाई जा चुकी है। मेले में चौराहे पर गेट लगाए जाने का काम चल रहा है। विदुरकुटी गंगा घाट पर मेले का शुभारंभ 20 नवंबर को देव उठनी एकादशी के मौके पर होगा, जबकि मुख्य स्नान 24 नवंबर को है। पांच दिन तक चलने वाले इस मेले में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद है।