बिजनौर के गांव फतेहपुर कलां में खेत में बने करीब 40 फीट गहरे कुएं में एक वयस्क गुलदार लगभग 20 घंटे से फंसा हुआ है। मंगलवार शाम गांव निवासी किसान लोकेंद्र सिंह ने वन विभाग के अधिकारियों को अपने खेत के कुएं में गुलदार गिरे होने की सूचना दी थी। कुएं की चौड़ाई अधिक नहीं है और उसमें किसान का बोरिंग का पाइप भी है। गुलदार पूरी तरह वयस्क और हट्टा-कट्टा बताया जा रहा है।

वनकर्मी आमतौर पर कुएं में गिरे गुलदार को रस्से से पेट के हिस्से में बांधकर बाहर निकालते हैं और बाहर आते ही उसे जाल में फंसाकर पिंजरे में बंद कर देते हैं। लेकिन यहां कुएं की अधिक गहराई और गुलदार के वयस्क होने के कारण बिना ट्रेंकुलाइज किए उसे निकालना खतरनाक माना जा रहा है, क्योंकि गुलदार वनकर्मियों को घायल कर सकता है। इसी को देखते हुए गुलदार को ट्रेंकुलाइज करके सुरक्षित निकालने का निर्णय लिया गया है और रेंज कार्यालय ने इसके लिए अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिले में गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने के लिए कोई विशेषज्ञ नहीं है, इसलिए विशेषज्ञ को बुलाने की मांग की गई है। क्षेत्रीय वनाधिकारी महेशचंद्र गौतम ने बताया कि मौके पर विभाग की टीम तैनात है और अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच नगीना क्षेत्र के ग्राम बाघला में मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे खेत से घर लौट रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग रामपाल पर घर के बाहर ही गली के एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले से वे संतुलन खोकर जमीन पर गिर पड़े और कुत्ते ने उनके शरीर में कई जगह काटकर उन्हें लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल कर दिया। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और कुत्ते को भगाकर किसी तरह उनकी जान बचाई। स्वजन बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू कर दिया।