अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में सियासी तैयारियां तेज हो गई हैं। राम जन्मभूमि के नाम पर चुनाव लड़ने वाली सत्तारूढ़ भाजपा अब कृष्ण जन्मभूमि को मुद्दा बनाने की तैयारी में जुटी है। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने साफ कहा कि अयोध्या हमारी हो गई है, अब मथुरा की बारी है। यह आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान के विपरीत है जिसमें उन्होंने कहा था कि अयोध्या के बाद मथुरा या कोई अन्य मंदिर आरएसएस का मुद्दा नहीं रहेगा।

भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए मथुरा में दो दिवसीय मंथन सत्र किया। इस दौरान यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कान्हा की नगरी से 'राधे-राधे कमल खिला दे' का उदघोष किया। पार्टी नेता पहले कह चुके हैं कि राम मंदिर की तरह श्री कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद वाली जगह पर भव्य कृष्ण मंदिर बनाया जाएगा, जिसके लिए कानूनी प्रक्रिया और आपसी बातचीत दोनों का सहारा लिया जाएगा।

मथुरा को मुद्दा बनाने के पीछे माना जा रहा है कि भाजपा राम मंदिर में मिलने वाले दान में चोरी और हेराफेरी के हालिया आरोपों से बचने की कोशिश कर रही है, जिन पर भाजपा के साथ आरएसएस को भी तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा था। 29 जून को हाथरस में एक सरकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा था कि वे कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के आंदोलन का खुलकर समर्थन करें और अब मथुरा की बात करें।

अखिलेश यादव ने सत्ता में वापसी के लिए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों पर आधारित पीडीए का सहारा लिया है। माना जा रहा है कि भाजपा मथुरा में मंदिर निर्माण को हवा देकर अखिलेश को उस पिच पर लाना चाहती है जहां भगवा पार्टी को बढ़त हासिल है। कृष्ण यदुवंशी माने जाते हैं और अखिलेश इस वर्ग का नेतृत्व करते हैं। अखिलेश 12 दिसंबर को पहली बार राम मंदिर जाने वाले हैं। केशव मौर्य ने कहा कि अगर वह सच में भगवान कृष्ण के भक्त हैं तो जन्मस्थान पर भव्य मंदिर बनाने में सहयोग दें। शाही ईदगाह मस्जिद को लेकर याचिकाकर्ताओं का दावा है कि यह 13.37 एकड़ जमीन भगवान श्री कृष्ण विराजमान की है। अदालत ने मामले को आपसी सहमति से सुलझाने का सुझाव दिया है, जबकि आरएसएस इस मामले से आधिकारिक तौर पर खुद को अलग रखे हुए है।