कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा छठ पूजा और सिंदूर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा पूर्वांचल मोर्चा ने इस मामले में दिल्ली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा ने कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ छठ पूजा और सिंदूर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पुलिस में शिकायत की है। मोर्चा के नेताओं ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष ओझा ने कहा कि मनोरंजन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर करोड़ों महिलाओं की धार्मिक आस्था, सामाजिक सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं को अपमानित करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती।

उन्होंने मोर्चा के प्रभारी विपिन बिहारी सिंह और सह प्रभारी ब्रजेश राय के साथ मध्य दिल्ली के डीसीपी रोहित राजवीर सिंह से मिलकर लिखित शिकायत की। शिकायत में कहा गया कि छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बिहार और पूरे पूर्वांचल की आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। छठ महापर्व में महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली के लिए कठिन व्रत रखती हैं।

मोर्चा ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी किसी एक समाज या क्षेत्र का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का अपमान है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इंटरनेट मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता और व्यूज हासिल करने के लिए धार्मिक परंपराओं, देवी-देवताओं और महिलाओं के सम्मान को निशाना बनाते हैं। ऐसे लोगों को समझना होगा कि भारत की सांस्कृतिक आस्था कोई मनोरंजन का विषय नहीं है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भी एक मर्यादा होती है और उस मर्यादा का उल्लंघन करने वालों को कानून के दायरे में जवाब देना होगा।