भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को बस्ती जिले के दौरे पर पहुंचे। सबसे पहले वह हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के विक्रमजोत पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विक्रमजोत स्थित एक ढाबे के हाल में हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र भी मौजूद रहे।

करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की मजबूती पर चर्चा हुई। बताया गया है कि बैठक में क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण, संगठन की मौजूदा स्थिति और चुनावी तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में केवल पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों को ही शामिल किया गया और अन्य लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। प्रदेश अध्यक्ष पदाधिकारियों से अलग-अलग बातचीत कर क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ले रहे हैं।

हर्रैया विधानसभा क्षेत्र की बैठक के बाद पंकज चौधरी बस्ती शहर पहुंचे, जहां बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस दौरान भी संगठन की सक्रियता, बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन की जमीनी हकीकत परखने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का जोर पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों के अनुभव और सुझावों के आधार पर चुनावी रणनीति को धार देने पर है।