कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार भाजपा के निशाने पर हैं। मंगलवार को भाजपा ने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि डर, गुस्सा और नफरत ने भाजपा और उसके समर्थकों के दिलों में जाल बुन दिया है। भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष के पोस्ट को रीट्वीट करते हुए उनसे सवाल पूछे।

भाजपा ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या उन्हें पता है कि होयसलाओं की राजधानी द्वारसमुद्र को हलेबिदु क्यों कहा जाने लगा और वहां किसने लूटपाट की थी। पोस्ट में भाजपा ने खुद बताया कि 1311 में अलाउद्दीन खिलजी के जनरल मलिक काफूर और 1326-27 में मुहम्मद बिन तुगलक की सेना ने यहां लूटपाट की थी। भाजपा ने यह भी पूछा कि मंदिर परिसर में मूर्तियों के चेहरे और हाथ किसने तोड़े। राहुल गांधी से कहा गया कि ‘सत्यम शिवम सुंदरम्’ में सत्यम् सबसे पहले आता है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कर्नाटक के होयस्लेश्वर मंदिर की 12वीं सदी की एक मूर्ति की तस्वीर साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती को भगवान शिव की गोद में बैठे हुए दिखाया गया है। इससे पहले सोनिया गांधी के संस्मरणों पर आधारित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया था कि उनकी मां भोजन के समय उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं। उनके इस बयान की राजनीतिक विरोधियों ने आलोचना की थी। रायबरेली से सांसद ने पोस्ट में कहा था कि एक सच्चे हिंदू के रूप में यह उनका कर्तव्य है कि वे उन्हें इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की सुंदरता और आनंद को महसूस कर सकें।

इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राजीव गांधी व सोनिया गांधी की तुलना भगवान शिव व देवी पार्वती से करने के लिए मंगलवार को राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कोई भी मनुष्य कभी भगवान नहीं बन सकता। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि नश्वर मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में पेश करना भक्ति नहीं है, बल्कि ऐसा अहंकार है, जो खुद को दिव्य मानने लगा है।