असम के कछार जिले में बांग्लादेश सीमा के पास मवेशी तस्करों का पीछा करते समय लापता हुए बीएसएफ कांस्टेबल के. वेणु का शव बुधवार तड़के करीमगंज की कुशियारा नदी से बरामद किया गया। बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, शव श्रीभूमि जिले में स्टीमरघाट के पास नदी में बहता हुआ मिला, जिसे बाहर निकाल लिया गया।
23 नवंबर को बीएसएफ को सूचना मिली थी कि चार अज्ञात लोग हरिनगर सीमा क्षेत्र से मवेशियों की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव और कांस्टेबल वेणु ने तस्करों को रोकने की कोशिश की। चुनौती दिए जाने पर तस्कर भागने के प्रयास में नदी में कूद गए।
तस्करों का पीछा करते हुए बीएसएफ के जवान भी पानी में उतर गए। जितेंद्र यादव सुरक्षित वापस आ गए, लेकिन वेणु लापता हो गए। सूत्रों के अनुसार, इसके बाद एसडीआरएफ ने उन्हें खोजने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। पहले संभावना जताई गई थी कि कांस्टेबल बांग्लादेश की सीमा में चले गए होंगे, जिसको लेकर मंगलवार को बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच कमांडेंट स्तर की बैठक भी हुई थी।
गौरतलब है कि कुशियारा नदी का बीच का हिस्सा भारत और बांग्लादेश के बीच की अंतरराष्ट्रीय सीमा है।
