असम के कछार जिले में बांग्लादेश सीमा के पास कुशियारा नदी से बीएसएफ के लापता जवान का शव बुधवार को बरामद हो गया। बीएसएफ मिजोरम और कछार फ्रंटियर के डीआईजी अहसान शाहिदी ने शव मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं हैं और पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। जवान के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक, जवान के. वेणु काटिगोराह स्थित हरि नगर बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात थे। 22-23 नवंबर की रात वह अपने साथी जितेंद्र यादव के साथ गश्त पर थे, जब इंटेलिजेंस से सूचना मिली कि चार-पांच संदिग्ध हरिनगर बॉर्डर इलाके से पशुओं की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों जवान संदिग्धों को रोकने के लिए निकले और उनका पीछा किया। भागने के दौरान संदिग्ध तस्कर नदी में कूद गए और दोनों जवान भी उनके पीछे पानी में उतर गए।
हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव तैरकर सुरक्षित किनारे लौट आए, लेकिन कांस्टेबल वेणु सुबह करीब 3:10 बजे नदी की तेज धारा में लापता हो गए। कछार के एसएसपी पार्थ प्रतिम दास ने बताया कि सोमवार सुबह से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें उनकी तलाश कर रही थीं।
डीआईजी अहसान शाहिदी ने बताया कि वेणु का शव बुधवार सुबह श्रीभूमि जिले में स्टीमरघाट के पास कुशियारा नदी के बहाव की दिशा में मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया है। उनका शव हवाई मार्ग से उनके गृह राज्य तेलंगाना ले जाया जाएगा, जहां बीएसएफ अधिकारी उन्हें राजकीय सम्मान देंगे।
