केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में बलवंत सिंह राजोआना की उस याचिका का विरोध किया, जिसमें 1995 में पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में मिली मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की गई है। केंद्र की ओर से पेश एडिशनल सालिसिटर जनरल के. एम. नटराज ने कहा कि राजोआना ने खुद कहा है कि उसे संविधान या अदालतों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने बताया कि राजोआना के ये बयान ट्रायल कोर्ट के फैसले में दर्ज हैं।

नटराज ने यह भी कहा कि ट्रायल कोर्ट द्वारा सुनाई गई मौत की सजा के खिलाफ राजोआना ने कभी हाई कोर्ट में अपील नहीं की और न ही इस सजा के खिलाफ कोई दया याचिका या रेफरेंस दायर किया। राजोआना लगभग 30 वर्षों से जेल में बंद है और उसने अपनी दया याचिका पर फैसला लेने में हुई देरी का हवाला देते हुए मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की है।

जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने राजोआना की याचिका पर सुनवाई पूरी कर ली है और सभी पक्षों से तीन सप्ताह के भीतर अपनी लिखित दलीलें दाखिल करने को कहा है।

गौरतलब है कि 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ में सिविल सचिवालय के प्रवेश द्वार पर हुए एक विस्फोट में बेअंत सिंह और 16 अन्य लोग मारे गए थे। जुलाई 2007 में एक विशेष अदालत ने राजोआना को मौत की सजा सुनाई थी।