चेन्नई में रविवार रात एक रेस्टोरेंट के पास खड़ी कार से 12 साल की बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के माता-पिता खाना खाने के लिए रेस्टोरेंट के अंदर गए थे, तब बच्ची कार की पिछली सीट पर सो रही थी। लौटने पर उन्होंने पाया कि कार और बच्ची दोनों गायब हैं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गुडुवनचेरी पुलिस ने बच्ची और कार की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं।
सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे बच्ची मयिलादुथुराई जिले के सिरकाझी स्थित न्यू बस स्टैंड के पास कार से उतरकर भागने में सफल रही। उसने वहां मौजूद ऑटो रिक्शा चालकों को बताया कि उसका अपहरण किया गया है। ऑटो चालकों ने बच्ची को सिरकाझी महिला पुलिस स्टेशन पहुंचाया। पुलिस ने उसके माता-पिता से संपर्क किया और बच्ची को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के कार से उतरने के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसका पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में जांच जारी है।
गुडुवनचेरी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी के मकसद का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। आरोपी का कहना है कि उसे नहीं पता था कि कार में बच्ची सो रही है और वह सिर्फ कार चुराना चाहता था। अधिकारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर आरोपी का इरादा सिर्फ कार चोरी करना था, तो वह बच्ची को 230 किलोमीटर दूर तक क्यों ले गया। पुलिस आरोपी के इरादों, उसकी पृष्ठभूमि और इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
