छठ महापर्व बिहार में इस बार अनुमानित 16 हजार करोड़ रुपये का कारोबार कराने वाला साबित हुआ है। व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने सर्वेक्षण के आधार पर यह अनुमान जताया है। कैट के बिहार चैप्टर के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा के अनुसार अकेले पटना के बाजारों में कपड़ा, फल, पूजन सामग्री और पीतल के बर्तन आदि का कारोबार करीब 600 करोड़ रुपये रहा। पूजन सामग्री जैसे सूप, दऊरा, मिट्टी के चूल्हे, गुड़ और नारियल की हिस्सेदारी 200 से 250 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है। बांस के सूप, दऊरा, मिट्टी के चूल्हे और दीयों जैसे पारंपरिक हस्तशिल्प की भी भारी मांग रही, साथ ही सेब, केला, नारियल, ईंख, डाभ नींबू, सुथनी, हल्दी और अदरक की बड़े पैमाने पर बिक्री हुई। साड़ी, धोती और अन्य वस्त्रों की खरीदारी भी जमकर हुई।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक पूजन सामग्री, फल और कपड़े पर औसत खर्च करीब छह हजार रुपये रहता है। बिहार में अनुमानित दो करोड़ घरों में छठ होने और हर दूसरे घर में यह आयोजन होने की बात कही गई है। कैट के अनुसार छठ में खर्च के क्षेत्र हर साल बढ़ रहे हैं और पारंपरिक आयोजन के साथ कपड़े, बर्तन तथा सोना-चांदी पर खर्च का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। मध्यमवर्गीय परिवार में छठ पर औसतन 10 हजार रुपये और संपन्न परिवारों में यह आंकड़ा 50 हजार रुपये से ऊपर बताया गया है।

पटना विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ कॉमर्स के डीन प्रो. एनके झा का कहना है कि छठ में सबसे अधिक खर्च आवागमन पर होता है। छठ के दौरान डेढ़ से दो करोड़ लोग आवागमन करते हैं, जिनमें दूसरे प्रदेशों से आने वालों की संख्या 20 से 25 लाख के आसपास बताई जाती है। ट्रेन, बस और हवाई जहाज से आने वालों की हिस्सेदारी 35 से 40 प्रतिशत के आसपास रहती है, जबकि शेष लोग निजी वाहन या टूर एंड ट्रेवल के जरिए आते हैं। प्रो. झा के मुताबिक इनका कारोबार छठ की सामग्री की तुलना में कई गुना अधिक है और इसे खर्च में शामिल करने पर आंकड़ा बहुत बड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ के बीच ट्रेन में टिकट मिलना आसान नहीं होता और हवाई जहाज का किराया दुबई, लंदन से भी अधिक हो जाता है, ऐसे में लोगों के पास अपनी कार या टूर एंड ट्रेवल ही विकल्प बचता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार राज्य में धनतेरस से छठ तक 80 हजार से अधिक दूसरे प्रदेशों के नंबर प्लेट वाली गाड़ियां सीमावर्ती टोल से गुजरी हैं, जो सामान्य तौर पर वहां से नहीं निकलतीं। इनमें सबसे अधिक दिल्ली, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश के नंबर वाले वाहन हैं। जयपुर से अपनी कार से पहुंचे मुकुल कुमार ने बताया कि मां छठ करती हैं और ट्रेन में टिकट न मिलने पर उन्होंने न आने का फैसला किया था, लेकिन मन नहीं माना तो नहाय-खाय पर खुद गाड़ी चलाकर निकल पड़े और लखनऊ में एक रात विश्राम के बाद खरना के दिन पटना पहुंचे। दीपावली से छठ के बीच मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु सहित देश के प्रमुख एयरपोर्ट से पटना और दरभंगा की टिकटें सामान्य दिनों से पांच से छह गुना अधिक कीमत पर रहीं, जबकि सामान्य दिनों में पांच से आठ हजार रुपये का किराया 30 से 40 हजार रुपये तक पहुंच गया।

टूर एंड ट्रेवल एजेंसी के संचालक विजय प्रकाश ने बताया कि पटना और दरभंगा एयरपोर्ट के लिए हर दिन 50 से अधिक उड़ानें थीं। टिकट की अधिक मांग के कारण शाहाबाद जिलों के लोगों ने बनारस, सीमांचल के लोगों ने बागडोगरा तथा भागलपुर, बांका और जमुई जिले के लोगों ने देवघर-रांची एयरपोर्ट को भी विकल्प बनाया। बेंगलुरु से पटना आए दीपक शर्मा ने बताया कि नहाय-खाय के दिन पटना का टिकट 40 हजार रुपये में मिल रहा था, जबकि बनारस का 13 हजार रुपये में मिल गया और ट्रेवल एजेंसी के जरिए आठ हजार रुपये में बनारस से पटना का कैब उपलब्ध हो गया।