ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीन चीनी सैटेलाइट्स भारत के पश्चिमी तट पर नजर रख रहे थे। भारतीय स्पेस सर्विलांस और इंटेलिजेंस कंपनी डिगंतारा की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन सैटेलाइट्स ने चार दिनों तक भुज, नलिया, जामनगर और रिलायंस रिफाइनरी की गतिविधियों पर निगरानी रखी।
कंपनी की रिपोर्ट के अनुसार, सैटेलाइट्स ने नौसैनिक और वायुसेना ठिकानों के अलावा बंदरगाहों और महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों की भी निगरानी की। रिपोर्ट में बताया गया है कि निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 सैटेलाइट्स भारत के पश्चिमी तट के ऊपर सक्रिय रहे और इन्होंने अपनी कक्षा बदली थी। ये इलाके भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कच्छ में पाकिस्तान सीमा के पास स्थित भुज का रुद्र माता एयरफोर्स स्टेशन एक अहम एयरबेस है। नलिया में एयरफोर्स स्टेशन की 49वीं विंग है, जो पश्चिमी कच्छ में पाकिस्तान सीमा और अरब सागर के करीब एक फॉरवर्ड बेस है। जमीन और समुद्री दोनों रास्तों के नजदीक होने के कारण यह इलाका पश्चिमी सीमा पर हवाई सुरक्षा, निगरानी और सैन्य कार्रवाई के लिए अहम है।
ऑपरेशन सिंदूर 7 मई 2025 को शुरू हुआ था और चार दिन चला था। रिपोर्ट के अनुसार, 7 मई को पाकिस्तान के 9 ठिकानों पर सटीक हमले किए गए, जिनमें बहावलपुर, मुरीदके और मुजफ्फराबाद जैसी जगहें शामिल थीं, जहां आतंकियों को प्रशिक्षण दिया जाता था। 8 मई को पाकिस्तान ने भारत के पश्चिमी राज्यों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए, जिन्हें भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने लगभग पूरी तरह बेअसर कर दिया। 9 मई को भारत ने 6 पाकिस्तानी सैन्य एयरबेस पर हमले किए और 10 मई को गोलीबारी बंद करने की घोषणा हुई, जिसे भारत ने स्पष्ट रूप से सीजफायर नहीं कहा है।
