मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी चिराग चोपड़ा की कहानी बताती है कि असफलता के बाद भी मेहनत से सफलता पाई जा सकती है। जोश टॉक को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी यात्रा के बारे में बताया। उनके पिता का एक छोटा बिजनेस था, लेकिन एक बिजनेस पार्टनर के धोखे के कारण परिवार कर्ज में डूब गया। परिवार चाहता था कि बेटा पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ा हो, इसलिए बेटे की पढ़ाई के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया गया। हालात ऐसे बिगड़े कि परिवार को घर बेचना पड़ा और आर्थिक तंगी के कारण सड़क पर आना पड़ा।

चिराग को कर्ज लेकर जुटाए 40-50 हजार रुपये के साथ IIT-JEE की तैयारी के लिए कोटा भेजा गया, लेकिन वे एंट्रेंस टेस्ट में सफल नहीं हो सके। इसके बाद GATE परीक्षा की तैयारी के लिए माता-पिता ने मुश्किल से 15 हजार रुपये का इंतजाम किया, पर वहां भी वे कुछ दिनों में पढ़ाई छोड़कर लौट आए। असफलताओं और मानसिक तनाव से जूझ रहे चिराग के लिए उनकी मां की एक बात निर्णायक साबित हुई। चिराग के अनुसार, मां ने कहा कि अब तुमसे कोई नहीं है। यही पल उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बना और उन्होंने सरकारी नौकरी पाने की ठान ली।

चिराग ने मैनेजमेंट कोर्स में एडमिशन के लिए CAT में 97.52 प्रतिशत स्कोर किया, लेकिन किन्हीं कारणों से IIM अहमदाबाद में एडमिशन नहीं ले सके। हार न मानते हुए उन्होंने बाजार से पुरानी और सस्ती किताबें खरीदकर 15-16 घंटे IBPS PO की तैयारी की। पहले ही प्रयास में 79वीं ऑल इंडिया रैंक (AIR) हासिल कर वे सरकारी बैंक में अफसर बने। उनकी कहानी से यह सीख मिलती है कि असफलता अंत नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और अटूट विश्वास से नई शुरुआत की नींव है।