न्यूजीलैंड दौरे पर क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को भारतीय फील्डरों ने मैट हेनरी के तीन आसान कैच छोड़े। इन तीनों कैच से भारतीय टीम को नुकसान उठाना पड़ा। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए। दूसरे दिन भारत को पांच विकेट लेने थे, जो उसने लिए, लेकिन कैच पकड़े जाने पर यह जल्दी हो सकता था और मेजबान टीम का स्कोर भी कम रह सकता था।

हेनरी के तीनों कैच एक ही गेंदबाज आकाशदीप की गेंदों पर छूटे। आकाशदीप ने नाथन स्मिथ और काइल जेमिसन के विकेट लिए। जेमिसन के बाद मैदान पर आए हेनरी को उन्होंने पहली ही गेंद पर आउट कर दिया था, लेकिन गली पर खड़े देवदत्त पडिक्कल ने उनका आसान कैच टपका दिया। आकाशदीप के अगले ही ओवर में हेनरी को एक और जीवनदान मिला। इस बार भी गेंदबाज, जगह और फील्डर वही थे, यानी पडिक्कल ने गली पर हेनरी का कैच छोड़ दिया।

कुछ देर बाद मिड ऑन पर गुरनूर बराड़ ने हेनरी का आसान कैच छोड़ दिया। अगर पडिक्कल पहले ही वह कैच पकड़ लेते तो भारत को 19 रनों का फायदा होता, क्योंकि हेनरी 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि, उनका विकेट आकाशदीप के हिस्से में ही आया और इसी के साथ उन्होंने अपने पांच विकेट भी पूरे किए। आकाशदीप न्यूजीलैंड में एक टेस्ट की एक पारी में पांच विकेट लेने वाले भारत के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं।