केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। इसी कारण दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर यूके जाने से रोका गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब देने को कहा और जवाब देने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के वकील ने बताया कि दास ने मुंबई पुलिस के नोटिस का जवाब नहीं दिया है। दास के वकील ने कहा कि उन्हें किसी नोटिस की जानकारी नहीं दी गई थी। विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ दास ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। उनके वकील ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की थी।
सौरव दास ने X पर पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने उनका पासपोर्ट लीक कर दिया है। उन्होंने पूछा कि क्या विदेश मंत्रालय बताएगा कि नागरिकों के पासपोर्ट इस तरह लीक होना सामान्य बात है और क्या निजी जानकारी सार्वजनिक करना कानूनी कर दिया गया है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट में दास ने बताया था कि उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए यूके जाना था। 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से निमंत्रण मिले थे। आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है, जिसमें उन्हें शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
दीपके ने सौरव दास का समर्थन करते हुए कहा था कि जब वे एयरपोर्ट पर थे, तब उन्हें इमिग्रेशन पर रोक दिया गया और कहा गया कि वे भारत से बाहर नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि अगर दास ने कोई धोखाधड़ी या घोटाला किया होता, तब भी उन्हें एयरपोर्ट पर इस तरह नहीं रोका जाता और ये सभी बहाने हैं। दीपके ने कहा कि मोदी सरकार विजय माल्या, मेहुल चोकसी या नीरव मोदी जैसे लोगों को नहीं रोकती, जिन पर अब भी देश का 58 करोड़ बकाया है, और सरकार को 27 साल के सौरव दास से परेशानी है।
