मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मोरनी दौरे के दौरान मंगलवार को उनके काफिले में शामिल फायर ब्रिगेड की गाड़ी मोरनी-थापली मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक सहित दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पंचकूला में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मंगलवार को मोरनी स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्राकृतिक एवं जैविक खेती किसान मेले का शुभारंभ करने पहुंचे थे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के तहत विभिन्न विभागों की गाड़ियां भी काफिले में शामिल थीं।
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब मुख्यमंत्री का काफिला मोरनी से पंचकूला की ओर लौट रहा था, तभी थापली के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में सवार दोनों लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
फिलहाल दोनों घायलों का नागरिक अस्पताल पंचकूला में उपचार चल रहा है। फायर ब्रिगेड की गाड़ी किस कारण अनियंत्रित हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने या तकनीकी खराबी सहित हादसे के संभावित कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
