संविधान दिवस से पहले भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने कार्यक्रमों की योजना बनाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BJP ने अपने सांसदों से 26 से 30 नवंबर के बीच अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है। पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संविधान के मूल्यों, आदर्शों और नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में जागरूकता फैलाना है। यह अभियान ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है, जब देश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं ने विभिन्न मुद्दों पर विरोध-प्रदर्शन किया था और कई जगह यह प्रदर्शन जारी हैं।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने 'वोट चोरी' के मुद्दे पर संविधान दिवस के दिन सभी राज्यों की राजधानियों में 'संविधान रक्षा' मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने जारी परिपत्र में बताया कि 'दिल्ली चलो' अभियान के चौथे चरण के तहत 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम अब बाद की तारीख में होंगे, क्योंकि 26 नवंबर को सभी पीसीसी अपने-अपने राज्यों में मार्च का आयोजन करेंगी।

परिपत्र के अनुसार, मार्च से पहले 'वोट रक्षक' अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर उन मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे, जिन्हें मतदाता सूचियों से हटा दिया गया है। 22 नवंबर तक जिला कांग्रेस कमेटी स्तर पर बैठकें होंगी और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 22 से 30 नवंबर तक हटाए गए मतदाताओं का बूथ स्तर पर सत्यापन किया जाएगा, जिसकी मंडल अध्यक्ष रोजाना निगरानी करेंगे।

सत्यापन के निष्कर्षों के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम स्तर पर 'वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल' आयोजित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन की अन्य पार्टियां कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची में बदलाव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है और उन पर इन अनियमितताओं में मिलीभगत का आरोप लगाया है।