दरभंगा के केवटी प्रखंड कार्यालय में आरओ और सेनेटरी वेंडिंग मशीनों की खरीद में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है। पंचायती राज विभाग के द्वितीय अपीलीय प्राधिकार ने दोषी बीडीओ और बीपीआरओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने तथा प्रखंड प्रमुख पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
केवटी निवासी मो. इकबाल अंसारी की शिकायत पर हुई जांच में सामने आया कि जिस मशीन का अधिकतम खुदरा मूल्य 56,990 रुपये था, उसकी खरीद 2,36,440 रुपये प्रति इकाई की दर से की गई। 15वें वित्त आयोग और छठे राज्य वित्त आयोग की राशि से करीब 1.50 करोड़ रुपये की इन मशीनों की खरीद में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि खरीद को 11 से 14 लाख रुपये की छोटी-छोटी योजनाओं में बांटकर ई-टेंडरिंग से बचने की कोशिश की गई। पंचायती राज विभाग के संयुक्त सचिव और बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था के राज्य परियोजना प्रबंधक की संयुक्त जांच में खरीद को छोटे हिस्सों में बांटने की पुष्टि हुई। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, विशेष स्तर से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने के उद्देश्य से ऐसा किया गया।
शिकायत में पंचायत समिति की बैठक पंजी में हेरफेर, कौशल विकास केंद्र और भवन जीर्णोद्धार के नाम पर 45 लाख रुपये के दुरुपयोग तथा 14 सरकारी वृक्षों की कटाई का मामला भी उठाया गया था। प्रमंडलीय आयुक्त, दरभंगा के एक सितंबर 2026 के आदेश से असंतुष्ट होकर परिवादी ने द्वितीय अपीलीय प्राधिकार में अपील दायर की थी। सुनवाई के बाद प्राधिकार ने 24 नवंबर 2026 को पारित अंतिम आदेश में जिलाधिकारी को दोषी बीडीओ और बीपीआरओ के विरुद्ध प्रपत्र-क गठित कर विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। प्रखंड प्रमुख के विरुद्ध भी बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
प्रखंड प्रमुख जिवछी देवी और तत्कालीन बीडीओ पर 13.15 लाख रुपये के दुरुपयोग का मामला भी है। लोक शिकायत निवारण प्राधिकार ने 12 जून 2026 को दोनों को दोषी ठहराते हुए पदच्युत करने का आदेश दिया था, जिस पर द्वितीय अपीलीय प्राधिकार ने भी अंतिम मुहर लगा दी। इसके बावजूद जिवछी देवी अब तक प्रखंड प्रमुख के पद पर बनी हुई हैं।
