लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में सीनियर नेताओं को मंच पर जगह मिली। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव लाल साड़ी पहनकर पहुंचीं और चर्चा के केंद्र में रहीं। उनके इस लुक को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं से जोड़कर देखा जा रहा है। अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं के जरिए चुनावी जीत का दावा कर रहे हैं, ऐसे में डिंपल यादव ने लाल साड़ी के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी की सांसद भी एक कार्यकर्ता की तरह पार्टी को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं।
कार्यक्रम में अखिलेश यादव लाल टोपी और नीले गमछे में नजर आए। वहीं डिंपल यादव ने लाल साड़ी के जरिए महिला सशक्तिकरण से लेकर पारिवारिक एकजुटता तक का संदेश देने की कोशिश की। मंच पर डिंपल यादव के लाल साड़ी में आने और इकरा हसन के साथ बैठने को पार्टी में महिलाओं को मंच पर बराबर दर्जा दिए जाने के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र जारी होने के दौरान महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र लाने की बात कही।
घोषणा पत्र में बुजुर्ग महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन और बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना दिए जाने का दावा किया गया है। कार्यक्रम में डिंपल यादव चाचा शिवपाल यादव के साथ बैठी दिखीं, जबकि उनकी दूसरी तरफ इकरा हसन थीं। इसे परिवार में एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, कार्यक्रम में आजम खान और अखिलेश यादव के भाषण हुए, जबकि डिंपल यादव अन्य नेताओं के साथ बैठी रहीं।
घोषणा पत्र जारी होने के बाद डिंपल यादव ने इसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और शहरों में फैली गंदगी जैसे मुद्दों पर भाजपा के लोग कुछ नहीं बोलेंगे और बेतुके बयान देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में तमाम मुद्दों को शामिल किया है और सभी वर्गों को कवर किया है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी महिलाओं के लिए एक अलग घोषणा पत्र भी जारी करेगी।
