भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में बच्चों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान सिखाने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इंडिया ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन (ITPO) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पोर्टेबल टेस्टिंग किट के जरिये मिलावट की जांच का प्रदर्शन किया गया। ऐसी किट उन जगहों पर जांच में उपयोगी है, जहां प्रयोगशाला की सुविधा आसानी से उपलब्ध नहीं होती।

कार्यक्रम के दौरान FSSAI की 'फूड सेफ्टी आन व्हील्स' पहल और 'फूड सेफ्टी मैजिक बॉक्स' के बारे में जानकारी दी गई। एफएसएसएआई के अधिकारी मृत्युंजय आनंद ने बताया कि 'फूड सेफ्टी आन व्हील्स' पहल का उद्देश्य दूरदराज के गांवों तक लोगों को खाद्य पदार्थों की मिलावट की जांच की सुविधा देना है।

उन्होंने बताया कि 'फूड सेफ्टी मैजिक बॉक्स' एक पोर्टेबल जांच किट है, जिसका इस्तेमाल खाद्य पदार्थों के अलग-अलग नमूनों की जांच के लिए किया जा सकता है। इस किट से सात श्रेणियों के 107 अलग-अलग खाद्य नमूनों की जांच की जा सकती है।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को खाने-पीने की वस्तुओं में मिलावट पहचानने के तरीकों से जागरूक करना था, ताकि वे इसे आसानी से पहचान सकें।