काठमांडू: नेपाल सरकार ने अगस्त में त्रिशूली-भोटेकोशी नदी में आयी विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता हुए 213 भारतीय नागरिकों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने उन नेपाली और भारतीय नागरिकों की सूची प्रकाशित की है जो 26 अगस्त को आयी इस बाढ़ के बाद से लापता हैं। बाढ़ में कम से कम 1500 लोगों की जान गयी थी।

एनडीआरआरएमए के अनुसार, इस आपदा में 19 देशों के कुल 623 विदेशी नागरिक लापता हुए थे। प्राधिकरण ने जारी सूची में कुल 3,915 लोगों के नाम दर्ज किये हैं, जिनमें 3,292 नेपाली और 623 विदेशी नागरिक शामिल हैं। प्राधिकरण ने इस सूची में नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में संशोधन के लिए आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किये हैं।

बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में भारतीय दूतावास ने कहा कि यदि लापता बताये जा रहे व्यक्तियों के परिजनों को सूची को लेकर कोई आपत्ति है या बदलाव कराना है, तो वे दो दिसंबर से पहले दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। दूतावास के मुताबिक, सुझाव और संशोधन प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेपाल सरकार सूची को अंतिम रूप देगी और इन लोगों की मृत्यु की औपचारिक घोषणा करेगी। इसके बाद दूतावास नेपाल के स्थानीय अधिकारियों से इन लोगों के मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। दूतावास ने बताया कि इस दौरान परिजनों से अतिरिक्त जानकारी और दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।

लापता विदेशी नागरिकों में 213 भारतीय हैं। इसके अलावा चीन के 85, अमेरिका के 69, यूक्रेन और मलेशिया के 54-54, ऑस्ट्रेलिया के 33, ब्रिटेन के 32 और कनाडा के 27 नागरिक लापता हैं। एनडीआरआरएमए के अनुसार रूस के 11, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के नौ-नौ, जर्मनी के आठ, दक्षिण अफ्रीका के छह, फ्रांस के चार, हंगरी, बेल्जियम और कजाकिस्तान के दो-दो तथा बेलारूस का एक नागरिक भी लापता है। संबंधित प्रशासन ने विदेशी नागरिकों से सूची में किसी भी पूछताछ या सुधार के लिए अपनी संबंधित एजेंसी या वाणिज्य दूतावास कार्यालय से संपर्क करने को कहा है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को अचानक आयी बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचायी थी। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में बाढ़ का पानी निचले इलाकों की ओर तेजी से बढ़ा, जिससे मकान, वाहन, सड़क और पुल बह गये तथा जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा।