रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने वर्ष 2026-27 के लिए 28 विषयों को समीक्षा के लिए चुना है। इनमें युद्ध जैसी परिस्थितियों में रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा और संचार सुरक्षा, साइबर व अंतरिक्ष युद्ध की तैयारियां और रक्षा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल का आकलन शामिल है।

लोकसभा सचिवालय की ओर से गुरुवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, समिति युद्ध जैसी स्थिति में रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की मजबूती परखेगी। सैन्य संचार नेटवर्क को सुरक्षित रखने और आपात परिस्थितियों में उसकी कार्यक्षमता बनाए रखने में विभिन्न एजेंसियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी।

समिति थल सेना, वायुसेना और नौसेना की रक्षा तैयारियों के साथ तटीय सुरक्षा में भारतीय तटरक्षक बल की भूमिका की समीक्षा करेगी। हवाई युद्ध की चुनौतियों से निपटने की क्षमता और साइबर सुरक्षा के उपायों का भी जायजा लिया जाएगा। समीक्षा में दूरदराज के सीमावर्ती इलाकों में तैनात जवानों को स्वास्थ्य सुविधाएं, पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और शिकायत निवारण व्यवस्था भी शामिल है।

सीमा सड़क संगठन की सीमावर्ती परियोजनाओं, सैन्य अभियंत्रण सेवा तथा डीआरडीओ की परियोजनाओं की प्रगति भी जांची जाएगी। रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता, सरकारी और निजी क्षेत्र की भागीदारी, रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों के आधुनिकीकरण और स्वदेशी तकनीक के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा। सशस्त्र बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, सैनिकों के प्रशिक्षण, आपदा राहत अभियानों की तैयारी, रक्षा खरीद में गुणवत्ता नियंत्रण और रक्षा संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल जैसे विषय भी समीक्षा में शामिल हैं।