केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। इससे पहले शुक्रवार (27 नवंबर) को दोपहर एक बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक बैठक 'सेवा तीर्थ' में होगी और सभी मंत्रियों को सूचना भेजी गई है। सूत्रों का कहना है कि सरकार इस विधेयक में कुछ बदलाव कर सकती है, ताकि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत कोटे का प्रावधान लागू किया जा सके।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि जरूरी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से फिर बुलाई गई है। दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। मॉन्यून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी, लेकिन 100 दिन से अधिक बीतने के बाद भी सत्रावसान नहीं हुआ, जिससे बैठक दो दिन के संक्षिप्त नोटिस पर बुलाई जा सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार की मंत्रिमंडल बैठक में मंत्रियों से कहा था कि सरकार जल्द संसद सत्र बुला सकती है, इसलिए वे उपलब्ध रहें और अगले कुछ दिनों के लिए दिल्ली से बाहर जाने का कार्यक्रम टाल दें। बताया जा रहा है कि सरकार परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक और संबंधित महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पारित कराने की तैयारी में है। यह विधेयक अप्रैल में संसद के विशेष सत्र में गिर गया था, क्योंकि सरकार के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं था।

विधेयक का उद्देश्य परिसीमन के जरिये लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 करना है, जिससे 2029 के आम चुनावों से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो सके। संविधान संशोधन विधेयक के लिए लोकसभा में दो-तिहाई सदस्यों (543 में से 361) के समर्थन की जरूरत है। फिलहाल लोकसभा में तीन सीट खाली हैं, जिससे सदस्यों की कुल संख्या 540 है। NDA के पास लगभग 320 सदस्य हैं और विधेयक पारित कराने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। अप्रैल में विधेयक गिरने के बाद राजनीतिक समीकरण बदले हैं—तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने अलग होकर 'नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया' (एसीपीआई) में विलय कर NDA को समर्थन का वादा किया है, जबकि शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे के छह सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इन घटनाक्रमों से सरकार मजबूत हुई है, फिर भी उसे अतिरिक्त समर्थन चाहिए। ऐसे में 22 सदस्यों वाली द्रमुक और आठ सदस्यों वाली राकांपा-शरदचंद्र पवार की भूमिका अहम मानी जा रही है।