नई दिल्ली: संविधान दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों और किसानों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि सदन से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने रास्ते में अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया और आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहे।
प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर को फिर से निर्धारित धरना स्थल के रूप में बहाल करने की मांग भी की। राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विरोध प्रदर्शन के अधिकार पर लगाई जा रही पाबंदियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़कों को बंद कर दिया गया है और सोशल मीडिया पोस्ट हटाई जा रही हैं। यादव ने कहा कि संविधान हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है, बशर्ते हम कोई असंवैधानिक काम न करें, जैसे हिंसा में शामिल होना या नफरत फैलाना। उन्होंने कहा कि एसआईआर के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा और ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा जितनी देर से होगा, यह संदेश उतनी ही मजबूती से लोगों तक पहुंचेगा।
ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा ने कहा कि मतदाता सूची से हटाया गया हर नाम एक मतदाता की आवाज दबाने के समान है। उन्होंने कहा कि मतदान के अधिकार के बिना संविधान दिवस मनाने का कोई औचित्य नहीं है। नेहा ने आरोप लगाया कि एक तरफ मध्य दिल्ली में संविधान दिवस मनाया जा रहा है और भारत के संविधान का जश्न मनाया जा रहा है, दूसरी तरफ इसी सरकार के लोग संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि संविधान दिवस पर देशभर में 120 से अधिक स्थानों पर प्रदर्शन किए गए। उन्होंने बताया कि इन प्रदर्शनों के जरिए एसआईआर को रद्द करने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग चलाने, निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून को वापस लेने और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल के रूप में जंतर-मंतर को फिर से बहाल करने की मांग की गई।
