दिसंबर का महीना शुरू होने वाला है और इसके साथ बैंकिंग, निवेश और आम लोगों की जेब से जुड़े कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं। 1 दिसंबर 2026 से SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज देना होगा। SBI Card ने ट्रांसपोर्टेशन और फ्यूल से जुड़े बड़े ट्रांजैक्शन पर 1% फीस लगाने का फैसला किया है। अगर किसी बिलिंग साइकिल में कार्ड से कुल फ्यूल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा हो जाता है तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1% फीस लगेगी।

इसी दिन से कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग करने वालों के लिए SEBI के नए मार्जिन नियम भी लागू होंगे। अब कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव यानी वोलैटिलिटी के आधार पर न्यूनतम शुरुआती मार्जिन तय होगा। कम और मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क 2 दिन और ज्यादा वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए 3 दिन होगा। इससे ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन के हिसाब से ज्यादा या कम फंड रखना पड़ सकता है। 3 दिसंबर से NRI, OCI और FATF के नियमों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले योग्य विदेशी निवेशकों के लिए KYC प्रक्रिया आसान होगी। ऐसे निवेशक SEBI के साथ रजिस्टर्ड इंटरमीडियरी के जरिए रिमोट तरीके से KYC पूरी कर सकेंगे और उन्हें फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी।

आधार कार्ड में ईमेल एड्रेस अपडेट कराने के इच्छुक लोगों के पास 31 दिसंबर 2026 तक का मौका है। UIDAI ने आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट पर लगने वाली 75 रुपये की फीस 6 महीने के लिए माफ की है। यह सुविधा 1 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी और 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त रहेगी। केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है। पेंशन जारी रखने के लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना जरूरी होता है, जिसे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के जरिए ऑनलाइन भी जमा किया जा सकता है। तय समय तक सर्टिफिकेट जमा न होने पर पेंशन के भुगतान में देरी या रुकावट आ सकती है।

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं, ऐसे में 1 दिसंबर को भी घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमतें जारी हो सकती हैं। दिसंबर में RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर तक होगी, जिसमें रेपो रेट पर फैसला लिया जाएगा। रेपो रेट में बदलाव होने पर होम लोन और पर्सनल लोन जैसे कर्ज की ब्याज दरों पर असर पड़ सकता है।