रुपए में गिरावट और वैश्विक बाजार में तेजी के चलते सोने-चांदी की कीमतों में उछाल आया है। शुक्रवार को घरेलू बाजार खुलते ही कीमतों में तेज तेजी देखी गई। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 1778 रुपये महंगा होकर ₹1,24,050 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 6310 रुपये की तेजी के साथ ₹1,51,553 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

वैश्विक बाजार की बात करें तो Comex पर सोने में 2.15% तक की तेजी आई और यह 3624.50 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं चांदी के दाम 8.28% तक चढ़ गए और कीमत 43.375 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी। सोने-चांदी में लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गई।

घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोना करीब ₹124,790 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग ₹118,720 प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट गोल्ड ₹103,992 प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है। बुलियन मार्केट में चांदी की कीमत लगभग ₹152,530 प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी।

बता दें कि अमेरिका से आए महंगाई और आर्थिक मजबूती के आंकड़ों के बाद सोने-चांदी में चमक लौटी है। निचले स्तरों पर खरीदारी बढ़ने से भी कीमतों को सहारा मिला है।