सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के आह्वान पर आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं ने बुधवार को देहरादून सचिवालय पर महापड़ाव किया। 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर परेड ग्राउंड से सचिवालय तक कूच किया गया, लेकिन सचिवालय से पहले पुलिस ने बेरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सचिवालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया।

पदाधिकारियों ने कहा कि चार श्रम संहिताओं में मजदूरों के खिलाफ प्रावधानों को हटाकर श्रमिकों के पक्ष में नियम बनाए जाएं, क्योंकि इन संहिताओं में नियम बनाने का अधिकार राज्य सरकार के पास भी है।

सीटू के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि जब तक सचिव स्तर पर वार्ता नहीं होगी और सम्मानजनक हल नहीं निकलेगा, तब तक महापड़ाव तीन दिन तक जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि अधिकारियों से वार्ता और ठोस समाधान का लिखित आश्वासन नहीं मिला, तो वे धरने से नहीं उठेंगे।

इस मौके पर सीटू के प्रांतीय सचिव लेखराज, महेंद्र ज़ख़मोला, केएन उमेश आदि मौजूद रहे।