देहरादून की एक युवती अपने प्रेमी की दूसरी युवती से शादी तय होने की खबर सुनकर ढोल और वरमाला लेकर शामली के एलम कस्बे में उसके घर पहुंची। युवती का आरोप है कि युवक ने 2016 से चले रहे प्रेम प्रसंग के बाद शादी का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में बातचीत बंद कर दी। पुलिस ने मामले को उत्तराखंड का बताकर तहरीर वापस लौटा दी, जिसके बाद युवती मायूस होकर देहरादून लौट गई। शनिवार को युवक बरात लेकर दिल्ली चला गया।
देहरादून निवासी एक युवती ने आरोप लगाया है कि शामली के कस्बा एलम निवासी युवक से उसका 2016 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वर्ष 2019 में उसकी बहन की शादी में युवक उसके घर तीन दिन तक आकर रहा था। युवती के अनुसार, इसके बाद युवक ने उससे दूरी बना ली। कई महीने संपर्क न होने पर वर्ष 2021 में उसने देहरादून के स्थानीय थाने में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। युवती का आरोप है कि तब युवक ने उसके पास पहुंचकर शादी का आश्वासन दिया, लेकिन कुछ समय बाद फिर से बातचीत बंद कर दी।
युवती को जानकारी मिली कि युवक की शादी दिल्ली में तय हो गई है। शुक्रवार को उसका मंढा था और शनिवार को बरात जानी थी। इस पर गुरुवार को युवती अपनी मां, बहन और मामी के साथ ढोल, वरमाला और बैनर लेकर एलम स्थित युवक के घर पहुंच गई। बैनर पर युवक की फोटो के साथ लिखा था कि 'देहरादून से बरात लेकर पहुंची दुल्हन, बदली परंपरा'। युवती को देखकर युवक की भाभी ने पहले खुशी में नाचने का नाटक किया, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा होने पर मुहल्ले के लोग एकत्र हो गए और मामला पुलिस तक पहुंचा।
युवती ने युवक के घर में छिपे होने की बात कही, जिसके बाद पुलिस ने उसके साथ पूरे मकान की तलाशी ली, लेकिन युवक नहीं मिला। बाद में युवती कांधला थाने पर युवक के खिलाफ तहरीर देने पहुंची, जहां पुलिस ने मामले को उत्तराखंड राज्य का बताकर तहरीर वापस लौटा दी। इसके बाद युवती मायूस होकर देहरादून रवाना हो गई। शनिवार को युवक बरात लेकर दिल्ली चला गया।
