राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 228 पर पहुंच गया है। पिछले कई दिनों से दिल्ली का एक्यूआई 300 से नीचे बना हुआ है, जिसे प्रदूषण से राहत के रूप में देखा जा रहा है। यह स्तर बच्चों, बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए अनुकूल माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में एक्यूआई और नीचे जा सकता है।
सरकार की ओर से दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं और इनके सकारात्मक नतीजे देखने को मिल रहे हैं। मौजूदा स्थिति को इन्हीं प्रयासों का परिणाम बताया जा रहा है। आमतौर पर सर्दी के मौसम में एक्यूआई का ग्राफ ऊपर रहता है, जिससे लोगों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग नजर आ रही है।
दिल्ली में प्रदूषण के पीछे कई कारण हैं। इनमें सबसे बड़ा कारण पंजाब और हरियाणा के किसानों द्वारा पराली जलाना बताया जाता है। हालांकि, लंबे समय से इन दोनों राज्यों के किसानों को पराली जलाने से रोकने की कोशिश की जा रही है और इसके विकल्प तैयार किए जा रहे हैं।
