सरकार ने 2029 तक यमुना को स्वच्छ बनाने के लक्ष्य के तहत रिठाला और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास दो नए सीवेज उपचार संयंत्र (एसटीपी) स्थापित करने की स्वीकृति दी है। इन पर कुल 874.49 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इनकी संयुक्त क्षमता लगभग 55 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) होगी। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की एम्पावर्ड कमेटी ने 12 नवंबर को यह निर्णय लिया।
रिठाला में 35 एमजीडी क्षमता का एसटीपी 509.54 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। यह उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बड़े हिस्से का अपशिष्ट जल रोककर उसका उपचार करेगा। इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास सेन नर्सिंग होम ड्रेन के आउटफाल पर 20 एमजीडी क्षमता का एसटीपी 362.95 करोड़ रुपये में बनेगा। यह नाला अभी केवल आंशिक रूप से टैप किया गया है, जिससे अतिरिक्त गंदा पानी सीधे यमुना में गिरता है। नया संयंत्र बनने से यह समस्या दूर होगी।
दिल्ली सरकार के दावे के अनुसार राजधानी में 814 एमजीडी सीवेज उपचार की व्यवस्था है। कई क्षेत्रों में सीवर नेटवर्क की कमी और कई एसटीपी का मानक के अनुरूप न होना अपशिष्ट के नदी में पहुंचने की वजह बना हुआ है। इसके समाधान के लिए सभी क्षेत्रों में सीवर लाइन उपलब्ध कराने और पुराने एसटीपी के उन्नयन का कार्य चल रहा है। दिसंबर 2027 तक इनके उन्नयन से लगभग 56 एमजीडी क्षमता बढ़ेगी, जबकि 35 विकेंद्रीकृत सीवेज उपचार संयंत्र (डीएसटीपी) से 170 एमजीडी का योगदान मिलेगा।
दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार 2028 तक शहर में सीवेज उपचार क्षमता 1500 एमजीडी करने का लक्ष्य है। इसके लिए 328 एमजीडी क्षमता के 13 नए एसटीपी स्थापित करने का प्रस्ताव है। एनएमसीजी द्वारा वित्तपोषित इस परियोजना पर लगभग 7373 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें से दो संयंत्रों को स्वीकृति मिल चुकी है। इनका निर्माण कार्य अगले तीन वर्षों में पूरा किया जाना है।
