पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेलखंड दोहरीकरण कार्य के चलते सिवान से चलने वाली दो जोड़ी सवारी गाड़ियां 13 से 18 दिसंबर तक निरस्त रहेंगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर पिपराइच-बोदरवार-कप्तानगंज स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य की कमीशनिंग को लेकर प्री-नान इंटरलाकिंग और नान इंटरलॉकिंग का काम किया जाना है। इसके अलावा 18 दिसंबर को रेल संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण भी प्रस्तावित है, जिसके मद्देनजर रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किए हैं।

निरस्त होने वाली गाड़ियों में सिवान और गोरखपुर कैंट के बीच चलने वाली 55035/55036 सवारी गाड़ी तथा सिवान और थावे के बीच चलने वाली 55037/55038 सवारी गाड़ी शामिल हैं। इन दोनों जोड़ी गाड़ियों का परिचालन 13 से 18 दिसंबर तक बंद रहेगा। रेलवे के अनुसार, इसका असर सिवान जंक्शन से होकर गुजरने वाली अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ सकता है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इससे प्रतिदिन इन ट्रेनों से आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे ने बताया कि आधारभूत संरचना को मजबूत करने और रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से दोहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। कार्य के दौरान संरक्षा और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए कुछ ट्रेनों को निरस्त करने सहित परिचालन में अन्य बदलाव किए गए हैं।