फरीदाबाद में 87.60 लाख रुपये की साइबर ठगी के आरोपी को गंभीर बीमारी के आधार पर भी जमानत नहीं मिली है। आरोपी तिहाड़ जेल में बंद है और वहीं टीबी का इलाज करा रहा है। अदालत ने जमानत याचिका खारिज करते हुए जेल अधीक्षक को आरोपी की एम्स या सफदरजंग अस्पताल में जल्द जांच कराने का निर्देश दिया है।
फरीदाबाद के साइबर क्राइम एनआईटी थाने में दर्ज मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रवीण कुमार सिंघल से शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर 87.60 लाख रुपये ठगे गए। आरोपी को 23 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था और वह तिहाड़ जेल में बंद है। जांच में सामने आया कि आरोपी की कंपनी के बैंक खाते में 5.50 लाख रुपये पहुंचे थे। इस बैंक खाते के खिलाफ आईसीजेएस डाटा में 35 शिकायतें दर्ज मिली हैं।
जेल प्रशासन की मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को टीबी वार्ड में भर्ती रखकर दवाइयां और विशेष प्रोटीन डाइट दी जा रही है। अदालत ने माना कि आरोपी का इलाज जेल अस्पताल में चल रहा है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। इस आधार पर अदालत ने गंभीर बीमारी का हवाला देकर दायर जमानत याचिका खारिज कर दी।
जमानत देने से इनकार करते हुए अदालत ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि आरोपी की एम्स या सफदरजंग अस्पताल में जल्द जांच कराई जाए, ताकि उसकी बीमारी के कारण कोई जानलेवा स्थिति पैदा न हो।
