लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उनके बेटे अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने श्रद्धांजलि दी। सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी बुरे वक्त में भी किसी का साथ नहीं छोड़ते थे। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने जा रही है और फिर से यश भारती सम्मान देने का काम किया जाएगा। इस मौके पर पार्टी कार्यालय में सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया।

मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी हमेशा सम्मान और प्रोत्साहन करते रहते थे। यश भारती सम्मान के माध्यम से सम्मान करने का काम नेताजी ने किया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर यश भारती की सम्मान राशि 1 लाख रुपये की जाएगी।

मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह सरकार ऐसी है जो देगी कम और छीनेगी ज्यादा। पीडीए मुहिम को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि सपा उन लोगों को मनाने का काम करेगी जो रूठे हुए हैं और जो लोग छूट गए हैं उन्हें भी साथ लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के हाथ में विकास की रेखा होती है तो कुछ के हाथ में विनाश की रेखा होती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में एक मॉडर्न स्कूल बना था, पहले सैफई में और फिर लखनऊ में। इसके पीछे सोच थी कि अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ बच्चों को अच्छी पढ़ाई दी जाएगी, पर ये योजना आगे नहीं बढ़ाई गई। इस मौके पर उन्होंने 200 बच्चों को लैपटॉप और बैग दिए। ये सभी छात्र यूपी के अभिनव स्कूल के हैं, जो सपा मुख्यालय में अलग-अलग जिलों से बुलाए गए थे। मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम यूपी में कैराना सीट पर घेराबंदी चल रही है, ये प्रयास पहले भी हुए हैं, लेकिन हम ही जीतेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव में गोरखपुर तक हारने जा रही है और उन्हें अपने कहे जाने वाले गढ़ बचाने होंगे।