राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक 20 वर्षीय युवती प्रीत विहार थाने पहुंची और अपने साथ हुई कथित घटना की शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता अपने परिवार के साथ मंडावली इलाके में रहती है और कड़कड़डूमा स्थित एक कैफे में काम करती है। आरोपी भी उसी कैफे से जुड़े बताए जा रहे हैं और सभी एक-दूसरे के परिचित हैं। पुलिस ने बताया कि सोमवार रात आठ लोग एक कैफे में गए थे, जो रात 11 बजकर 30 मिनट पर बंद हो जाता है। आरोप है कि एक कर्मचारी के पास कैफे की चाबी थी, जिससे ताला खोलकर देर रात पार्टी की गई।

पुलिस के अनुसार, पार्टी में शामिल लोगों ने कथित तौर पर शराब पी और रात करीब 3 बजकर 30 मिनट पर कैफे से बाहर निकले। इसके बाद युवती ने आरोप लगाया कि दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जिसमें अन्य साथियों ने उनकी मदद की। पुलिस ने बताया कि मामले में गैंगरेप का केस दर्ज किया गया है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फुटेज में युवती एक वाहन में एक युवक और दो महिलाओं के साथ जाती दिख रही है।