दिल्ली नगर निगम (MCD) ने गेस्ट हाउस और लॉजिंग-बोर्डिंग प्रतिष्ठानों के लिए सुरक्षा नियम सख्त कर दिए हैं। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 12 मीटर या उससे अधिक ऊंची इमारतों में चल रहे गेस्ट हाउस के लिए अग्निशमन विभाग से जारी वैध अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र (एफएससी) अनिवार्य होगा। प्रमाणपत्र के बिना प्रतिष्ठान चलाना या अवधि समाप्त होने पर नवीनीकरण न कराना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जाएगा। हालांकि, 12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों के गेस्ट हाउस को एफएससी से छूट दी गई है, लेकिन उन्हें आग से बचाव के बुनियादी इंतजाम, स्पष्ट निकास मार्ग और काम करने वाले अग्निशामक यंत्र रखना अनिवार्य होगा।

निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस अथवा व्यावसायिक आवास की गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकेंगी। चौथी मंजिल का उपयोग ठहरने, स्वागत कक्ष या किसी अन्य व्यावसायिक गतिविधि के लिए भी नहीं किया जा सकेगा। आदेश के मुताबिक गेस्ट हाउस में रसोई और भोजनालय चलाने के लिए अलग से अनुमति या लाइसेंस लेना होगा। रसोई का उपयोग केवल ठहरे मेहमानों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए किया जा सकेगा और भोजनालय में बैठने की क्षमता स्वीकृत बिस्तरों की कुल संख्या से अधिक नहीं हो सकती। जहां पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध है, वहां इसका उपयोग अनिवार्य होगा।

एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार निगम सभी 12 जोन में गेस्ट हाउस और अन्य लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन की जांच के लिए सर्वे कराएगा और एक माह के भीतर रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है। हेल्थ लाइसेंस इंस्पेक्टर वार्डवार निरीक्षण करेंगे, जिसमें हेल्थ लाइसेंस की शर्तों, अग्नि सुरक्षा, भवन उपनियमों और अन्य नियामक प्रावधानों की जांच होगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील किया जा सकता है, और गंभीर मामलों में हेल्थ ट्रेड लाइसेंस रद करने तथा बिजली-पानी जैसी सुविधाएं बंद करने की कार्रवाई भी संभव है।