दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी दाखिले की प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होगी। इस बार भी दाखिला फार्मूले में सबसे अधिक अंक घर से स्कूल की दूरी को दिए जा रहे हैं। कई स्कूल नेबरहुड के लिए 100 में से 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि भाई-बहन और पूर्व छात्रों के बच्चों को भी अतिरिक्त अंक मिलेंगे। स्कूलों को अपने दाखिला मानक और निर्धारित अंक 26 नवंबर तक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करने हैं।
निजी स्कूलों में नर्सरी (बाल वाटिका-1), एलकेजी (बाल वाटिका-2), यूकेजी (बाल वाटिका-3) और पहली कक्षा में दाखिले के लिए अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे। कुछ स्कूलों ने फार्मूला तैयार कर लिया है, जबकि कई उसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन स्कूल ने 100 अंकों का फार्मूला तैयार किया है, जिसमें नेबरहुड को सबसे ज्यादा 70 अंक दिए गए हैं। स्कूल ने दूरी के आधार पर तीन श्रेणियां बनाई हैं — शून्य से एक किलोमीटर के दायरे वालों को 70 अंक, एक से आठ किलोमीटर तक वालों को 60 अंक और आठ किलोमीटर से अधिक दूरी वालों को 50 अंक। सिबलिंग के 20 और एल्युमिनी के 10 अंक निर्धारित किए गए हैं। उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के कई स्कूल भी पड़ोस के मानक को 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी में हैं।
शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को दाखिला मानक तय करने की छूट दी है, लेकिन अभिभावकों की शैक्षणिक योग्यता, नौकरीपेशा होना, बच्चों की खेल उपलब्धि, स्कूल परिवहन का इस्तेमाल, नशा या धूम्रपान नहीं करने और पहले आओ-पहले पाओ जैसे आधारों पर अंक देने पर रोक लगाई है। इन नियमों के उल्लंघन की निगरानी जिला स्तर पर गठित मॉनिटरिंग सेल करेंगे। किसी एक मानक के तहत सीटों से अधिक आवेदन आने पर स्कूलों के सामने लॉटरी के जरिए चयन का विकल्प रहेगा।
