रामगढ़ के बिजुलिया आदर्शनगर कालोनी निवासी सपना शर्मा का भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट (नवल एयर ऑपरेशन ऑफिसर) पद पर चयन हुआ है। उन्हें शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत यह पद मिला है। सपना पहले ही प्रयास में एसएसबी की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल रहीं। वे केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में प्रशिक्षण लेंगी।

सपना अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हैं, जो भारतीय सशस्त्र सेना में शामिल हो रही है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय दादा रवींद्र शर्मा और दादी आशादेवी के आशीर्वाद तथा पिता विंग कमांडर संजीव शर्मा और माता पूनम शर्मा की प्रेरणा को दिया। विंग कमांडर संजीव शर्मा वर्तमान में सैनिक स्कूल तिलैया के उप-प्राचार्य हैं, जबकि दादा रवींद्र शर्मा 1993 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे।

परिवार में सेना का अनुशासन और देशभक्ति की परंपरा सपना को बचपन से ही मिली। उनकी सफलता से परिवार और पूरे शहर में खुशी का माहौल है। दादा रवींद्र शर्मा ने कहा कि पोती ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। आदर्शनगर में उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है। लोगों का कहना है कि सपना ने साबित कर दिया है कि रामगढ़ की बेटियां आसमान और समुद्र, दोनों में उड़ान भर सकती हैं।